बाबरी क्षेत्र के गांव चुनसा में निरीक्षण करने जाती डीएम जसजीत कौर
- फोटो : SHAMLI
डीएम ने चूनसा समिति के प्रभारी को फटकार लगाई
शामली। यूरिया का स्टॉक खारिज करने के लिए समिति प्रभारी ने अपने परिवार के लोगों के आधार कार्ड और ई-पॉस मशीन में अंगुठे लगवा दिए। निरीक्षण के दौरान मामला पकड़ में आने पर डीएम ने चूनसा समिति के प्रभारी को फटकार लगाई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसा किया तो कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार को डीएम जसजीत कौर ने साधन सहकारी समिति गांव चूनसा का निरीक्षण किया। एक अप्रैल से 31 जुलाई तक समिति चूनसा व उपकेंद्र भाज्जू से यूरिया क्रय करने वाले किसानों का सत्यापन किया गया। समिति चूनसा और उप केंद्र भाज्जू से 208.035 मीट्रिक टन बिक्री होना पाया गया। किसानों ने बताया कि लॉकडाउन अवधि में वह समिति और उपकेंद्र पर नहीं पहुंचे थे। हालांकि किसानों ने उन्होंने यूरिया प्राप्त होने की सहमति जताई। साधन सहकारी समिति एवं उपकेंद्र भाज्जू के प्रभारी ने बताया कि मशीन में यूरिया की उपलब्धता को निल करने के लिए अपने परिवारजनों के आधार कार्ड, अंगूठा लगाकर स्टॉक को खारिज किया गया है। डीएम ने सहकारी समिति चूनसा के प्रभारी को फटकार लगाई। जिला कृषि अधिकारी डॉक्टर हरिशंकर सिंह, एआर कोऑपरेटिव राजवीर सिंह ने बताया कि जनपद में यूरिया की कोई कमी नहीं है। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि गांव में नाले के निकासी न होने के कारण खेतों में बारिश का पानी जाता है, जिससे फसल को नुकसान पहुंचता है। डीएम ने एसडीएम को समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर गांव कुरमाली के ग्रामीणों ने भी जलभराव की समस्या से अवगत कराया। इस दौरान एसडीएम संदीप कुमार, उप निदेशक कृषि डा. शिवकुमार केसरी, जनपद के टास्क फोर्स अधिकारी राकेश बाबू आदि मौजूद रहे।
पात्र लाभार्थियों को मिलेगा दस लाख तक का लोन
शामली। विरासत योजना के अंतर्गत हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट कार्यों में लगे पात्र लाभार्थियों को 10 लाख तक का ऋण दिया जाएगा। जिला अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम के प्रबंधक प्रसून राय ने बताया कि पात्र व्यक्ति 15 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
बाबरी क्षेत्र के गांव चुनसा साधन सहकारी समिति का निरीक्षण करती डीएम- फोटो : SHAMLI