लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेट करते शामली विधायक तेजेन्द्र निर्वाल
- फोटो : SHAMLI
जिला मुख्यालय पर ही कराया जाए डायट का निर्माण
शामली। सदर विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर शामली में औद्योगिक पार्क का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की। इसके साथ ही जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) का निर्माण भी जिला मुख्यालय पर कराने, 69 हजार शिक्षक भर्ती को शीघ्र पूर्ण कराने की भी मांग की। उन्होंने आधुनिक रोडवेज बस स्टैंड निर्माण के साथ ही अन्य कई मुद्दों पर मुख्यमंत्री से बात की।
विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने लखनऊ में 18 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर बताया कि डायट का निर्माण जिला मुख्यालय पर ही होना चाहिए। अन्य स्थान पर डायट निर्माण से दूरदराज के गांवों से आने वाले प्रशिक्षु शिक्षकों-शिक्षिकाओं को परेशानी होगी। लाक, लिसाढ़, इस्सोपुर, कांधला, एलम, बिडौली और केरटू जैसे दूरदराज के क्षेत्रों के प्रशिक्षुओं का जाना कठिन कार्य हो जाएगा। विधायक ने 2016 में पूर्व की सरकार द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज किए गए मुकदमों को भी समाप्त कराने की मांग की। उन्होंने 2017 में शामली के लिए प्रस्तावित औद्योगिक पार्क का निर्माण भी शीघ्र प्रारंभ कराने का अनुरोध किया। उन्होंने फतेहपुर में खरीदी गई भूमि पर अत्याधुनिक रोडवेज डिपो के शीघ्र निर्माण की भी मांग की। लॉकडाउन के दौरान मंदिरों में पूजा पाठ कर जीवन यापन करने वाले पुजारियों की आर्थिक तंगी से भी अवगत कराया। विधायक ने 69000 शिक्षकों की भर्ती का विषय भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा तथा नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने का अनुरोध किया तथा ईट निर्माता संघ द्वारा रखी गईं मांगों से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी बिंदुओं पर समाधान का आश्वासन दिया है।