शामली। बरेली से निलंबित पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री का आरोप पत्र डीएम अरविंद कुमार चौहान को प्राप्त हो गया है। उनके खिलाफ यह आरोप पत्र शासन स्तर से अनुमोदन के बाद जांच अधिकारी के पास भेजा गया था, जिसे मंडलायुक्त ने शामली के डीएम को हस्तांतरित कर दिया।
डीएम ने बताया कि आरोप पत्र अब अलंकार अग्निहोत्री को सौंपा जाएगा। गणतंत्र दिवस के दिन अलंकार अग्निहोत्री ने बरेली सिटी मजिस्ट्रेट पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने इसका कारण यूजीसी के नए नियम और प्रयागराज में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के शिष्यों की पिटाई को बताया। इसके तुरंत बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया।
निलंबन के अगले दिन अलंकार और उनके समर्थकों का प्रदर्शन बरेली में सुबह से शाम तक सिटी मजिस्ट्रेट आवास से लेकर कलक्ट्रेट तक जारी रहा था। जिला प्रशासन ने इस प्रदर्शन की वीडियोग्राफी कर शासन को भेजी थी। अग्निहोत्री का ट्रांसफर शामली कर दिया गया था। जिसके कारण आरोप पत्र यहां भेजा गया है।