संवाद न्यूज एजेंसी शामली/जलालाबाद। बुखार प्रभावित गांव दभेड़ी में लगाए गए स्वास्थ्य जांच शिविर का डीएम अरविंद कुमार चौहान ने निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को घर-घर जाकर मरीजों की जांच करने के निर्देश दिए। दूषित पानी के संबंध में संतोषजनक जवाब न देने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए जिला मलेरिया अधिकारी सुरेंद्र सिंह का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
गांव दभेड़ी में पांच दिन पहले रविवार को बुखार से महिला की मौत होने के बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में शिविर लगाकर मरीजों की जांच की जा रही है। बृहस्पतिवार को भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच शिविर लगाया और मरीजों की जांच की। दोपहर में डीएम ने गांव में पहुंचकर शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने गांव में बुखार के मरीजों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान बुखार का कारण गांव के हैंडपंपों का पानी दूषित होना बताया गया, जिस पर उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकी को शीघ्रता से पूर्ण कर ग्रामीणों को शुद्व जल की आपूर्ति करने के निर्देश दिए।
डीएम ने पानी की जांच के संबंध में डीएमओ सुरेंद्र सिंह से जानकारी की गई तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उनका वेतन रोकने का निर्देश दिए। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को गांव में डोर टू डोर सर्वे कर स्क्रीनिंग के निर्देश के साथ ही लोगों को पानी उबालकर पीने के लिए जागरूक किए जाने के लिए निर्देशित किया। डीएम ने गांव में साफ सफाई के लिए ग्राम प्रधान और सचिव को भी निर्देशित करते हुए कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार के लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान सीएमओ डॉ. अनिल कुमार, एसीएमओ डॉ. अथर जमील, थानाभवन के चिकित्साधीक्षक सुशील कुमार, ग्राम प्रधान आसिफ आदि मौजूद रहे।