शामली। निर्माणाधीन जिला मुख्यालय के भवनों का डीएम सुजीत कुमार ने निरीक्षण करके बीएसए, डीआईओएस के निर्माण में ढिलाई व लापरवाही बरतने वाली निर्माण एजेंसी के अफसरों को फटकार लगाई है। उन्होंने चेतावनी देकर शीघ्र निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार को पूर्वी यमुना नहर के किनारे ग्राम मुुंडेट के जंगल में जिला अस्पताल सीएमओ कार्यालय, गोहरनी गांव में विकास भवन, कलक्ट्रेट, जिला स्तरीय आवासों व बीएसए, डीआईओएस कार्यालय का निर्माण चल रहा है।
डीएम सुजीत कुमार ने आला अफसरों के साथ सभी कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि बीएसए व डीआईओएस कार्यालय के लिए धनराशि उपलब्ध होने के कारण निर्माण कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। बीएसए व डीआईओएस कार्यालय का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य मार्च 2017 है, अभी तक बीएसए कार्यालय की चारदिवारी का निर्माण पूरा हो पाया है। कार्यालय भवन अधूरा है। डीआईओएस कार्यालय का प्रथम तल तैयार है।
समय अवधि में दोनों कार्यालय का निर्माण पूरा न होने पर नोडल अधिकारियों को चेतावनी दी गई है तथा समय पर कार्य पूरा करने निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल व विकास भवन के लिए दूसरी किश्त अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। शासन को दूसरी किश्त की धनराशि अवमुक्त किए जाने के लिए लिखा जा रहा है।
कलक्ट्रेट भवन, जिला स्तरीय अधिकारियों के आवासों के धनराशि उपलब्ध है। जिससे निर्माण कार्य चल रहा है। दिसंबर 2017 तक कलक्ट्रेट कार्यालय का प्रथम तल तैयार हो जाएगा। उन्होंने बताया कि पूर्वी यमुना नहर के कलक्ट्रेट के पास सेतु का निर्माण का मुआयना किया गया है।