शामली। डीएम जसजीत कौर ने अधिकारियों कर्मचारियों को अपने दायित्वों का तत्परता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। क्वारंटीन सेंटर में साफ-सफाई न मिलने पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों कर्मचारियों का फटकार लगाई।
शुक्रवार को डीएम जसजीत कौर ने एनआईसी में बनाए गए कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कंट्रोल रूम में ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान रखा जाए और जो दायित्व सौंपे गए है, उनका पूरी तत्परता से निर्वहन किया जाए। डीएम ने कलक्ट्रेट नाजिर को कंट्रोल रूम में आवश्यक सभी सुविधाओं के साथ-साथ प्रतिदिन साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए ओर चेतावनी दी कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने प्रथम तल पर पास बनवाने हेतु आए लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखे जाने एवं मुंह पर गमछा एवं मास्क आदि से ढकने की हिदायत दी ।इसके बाद डीएम ने सहारनपुर रोड स्थित कालेज में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में पहुुंचकर वहां रखे गए प्रवासी लोगों से बात कर उनसे खाने-पीने, रहन सहन एवं साफ सफाई की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। क्वारंटीन सेंटर में साफ-सफाई आदि की व्यवस्था दुरुस्त ना पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों, कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए नियमित रूप से नगर पालिका और डीपीआरओ के माध्यम से साफ सफाई आदि की व्यवस्था दुरुस्त रखने निर्देश दिए। इसके बाद डीएम ने कई स्कूलों में क्वारंटीन सेंटर बनाने हेतु वहां की व्यवस्थाएं देखी और डीआईओएस से जानकारी लेकर दिशा निर्देश दिए।