कैराना। पुलिस ने बंद पड़ी एक स्टील फैक्टरी में छापा मार कर एक आरोपी को दिल्ली से चुराई गई एक कार और तीन बाइकों के साथ गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शामली बाईपास से आने वाले रास्ते पर स्थित बंद पड़ी हसन स्टील फैक्टरी में छापा मारा। पुलिस ने मौके से एक आरोपी के कब्जे से एक कार व तीन बाइक बरामद की। कार के कागज दिखाने पर पता चला कि आरोपी ने कार और बाइक दिल्ली से चोरी की हुई हैं। फर्जी आरसी ओर अन्य कागज तैयार करा रखे थे तथा फर्जी आरसी के हिसाब से कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी। कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा ने दावा किया कि पकड़े गए आरोपी अरशद निवासी आर्यपुरी ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसने कार और बाइक दिल्ली से चोरी की थी और यहां लाकर बेचने की कोशिश कर रहा था। आरोपी अरसद निवासी आर्यपुरी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करके चालान कर दिया।