कलक्ट्रेट सभागार में संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर अधिकारियों की ली बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। डीएम जसजीत कौर ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान में अधिकारी जिम्मेदारी अवश्य पूरी करें। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को संचारी रोग से बचाव और जागरूकता की शपथ दिलाई।
कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को डीएम ने राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने डीएम को बताया कि संक्रामक रोगों की रोकथाम व नियंत्रण हेतु एक से 31 जुलाई विशेष संचारी रोग अभियान चलाया जाएगा। जिसमें 16 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चलेगा। इसमें आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार, टीबी और दिमागी बुखार से प्रभावित लोगों की सूची तैयार करेंगी। जिससे उनको बेहतर उपचार दिया जा सके। डीएम ने जनपद स्तरीय अंतर विभागीय अधिकारियों को अभियान के तहत प्रभावी कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विभागों को दायित्व सौंपे गए हैं। उसके अनुसार कार्रवाई करना सुनिश्चित करें ताकि मच्छर जनित रोग नियंत्रण हो सकें। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं, सीएमओ ने बताया कि मंकीपॉक्स जानवरों से मानवों में या एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैल सकता है। साउथ अफ्रीका में मंकीपॉक्स के केस देखने को मिले हैं, लेकिन भारत में मंकीपॉक्स का अभी कोई केस नहीं है। इस दौरान डीएम ने अधिकारियों को संचारी रोग से बचाव और जागरूकता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सीडीओ शंभूनाथ तिवारी, एडीएम संतोष कुमार सिंह व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।