शामली। शासन ने दीपावली पर सात दिन तक मेला आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य एक प्लेटफार्म पर स्ट्रीट वेंडरों (पथ विक्रेता) की आय बढ़ाना है। इसकी जिम्मेदारी नगरपालिकाओं व नगर निगमों को दी गई है। मेले में घरेलू उपयोग की विभिन्न प्रकार की वस्तुओं के स्टाल के साथ लोगों को आकर्षित करने के लिए सांस्कृतिक व मनोरंजन गतिविधियों को क्रियान्वित करने के निर्देश दिए गए हैं। पालिका ने 28 अक्तूबर से शुरू होने वाले दीपावली मेले के लिए तैयारी शुरू कर दी है।
मेला आयोजन की तैयारी व निगरानी के लिए डीएम की अध्यक्षता में प्रबंधन समिति का गठन किया जाएगा। इसमें एसपी, प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय, सीएमओ, निकायों के ईओ, जिला सूचना अधिकारी और डीएम द्वारा जरूरत के अनुसार नामित अधिकारी बतौर सदस्य रहेंगे। मेले का आयोजन खुले मैदान में करने, मनोरंजन के लिए झूले आदि व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मैजिक शो, नुक्कड़ नाटक, कठपुतली, लोक गायन, कौशल एवं कला का प्रदर्शन करने वाली गतिविधियों को क्रियान्वित करने को कहा है, ताकि मेले के प्रति लोगों का आकर्षण बने।
मेला स्थल पर लगेगी पंजीकरण डेस्क
मेले में पीएम स्व निधि याजना के लाभार्थियों के लिए डेडिकेटिड पंजीकरण डेस्क लगाने के निर्देश दिए। इस पर बैंकों के सहयोग से डिजिटल लेन-देन की जानकारी दिए जाने और ओडीओपी व एमएसएमई के स्टाल लगाए जाएंगे, ताकि उनके उत्पादों की बिक्री का अवसर मिल सके। मेला स्थल पर संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए स्वच्छता रखने, कोविड-19 से बचाव के लिए लोगों को फेस मास्क लगाने, नियमित सैनिटाइजर करने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने अधिकारियों की ली बैठक
बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में डीएम जसजीत कौर ने शासन के निर्देश पर लगने वाले दीपावली मेले की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में डीएम ने दीपावली मेले का सुनियोजित तरीके से सफलतापूर्वक आयोजन करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम हेतु जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह व बेसिक शिक्षा अधिकारी गीता वर्मा केे निर्देशित किया गया। इसके अलावा उद्योग विभाग, खादी ग्रामोद्योग, डूडा, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, स्वास्थ्य विभाग आदि विभागों को भी स्टॉल लगाने का निर्देश दिया है।
डीएम ने बताया कि जनपद में 28 अक्तूबर से तीन नवंबर तक चलने वाले दीपावली मेले का आयोजन शामली में किसान डिग्री कालेज का मैदान, कैराना में सराय का मैदान और कांधला में रामलीला मैदान में आयोजित होगा। इस अवसर पर एडीएम अरविंद कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी प्रमोद कुमार, एसडीएम सदर संदीप कुमार, एसडीएम कैराना उद्भव त्रिपाठी, सीओ, नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।