कांधला में भारसी मोड से गाजीपुर बॉर्डर जाने की तैयारी करते किसान
- फोटो : SHAMLI
कांधला। दिल्ली सीमा पर किसानों की ट्रैक्टर परेड को लेकर पुलिस-प्रशासन दूसरे दिन भी सतर्क रहा। पुलिस ने कस्बे के दिल्ली बस स्टैंड पर चेकिंग अभियान चलाकर दिल्ली को और जाने वाले भारी वाहनों को कैराना की ओर डायवर्ट किया।
थाना प्रभारी निरीक्षक रोजंत त्यागी पुलिस और पीएसी बल के साथ सुबह से ही कस्बे के दिल्ली बस स्टैंड पर पहुंच गए थे। पुलिस ने कस्बे के दिल्ली बस स्टैंड पर वाहनों की सघन चेकिंग की। किसी भी ट्रैक्टर को पुलिस ने दिल्ली की और नहीं जाने दिया। दिल्ली की और जा रहे भारी वाहनों को कैराना की और निकाला। थाना प्रभारी निरीक्षक रोजंत त्यागी ने बताया कि किसानों की ट्रैक्टर रैली को देखते हुए दिल्ली की और जाने वाले भारी वाहनों को कैराना की ओर से निकाला गया है।
--------
किसानों ने निकाला ट्रैक्टर मार्च
ऊन। केंद्र सरकार द्वारा पारित तीन कृषि कानूनों के खिलाफ कस्बा ऊन में ट्रैक्टर मार्च निकाला गया। ट्रैक्टर मार्च जूनियर हाईस्कूल से शुरू होकर कस्बे के मुख्य मार्गों से होता हुआ बाइपास मार्ग से गुजर कर जूनियर हाई स्कूल पर ही समाप्त हुआ। ट्रैक्टरों पर तिरंगा लगाकर किसानों ने दर्जनों ट्रैक्टरों के साथ मार्च निकाला। इससे पूर्व किसानों ने केंद्र सरकार से तीनों कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग करते हुए एमएसपी पर कानून बनाने की मांग की तथा चेतावनी दी कि जब तक कृषि कानून वापस नहीं लिए जाते आंदोलन जारी रहेगा। ट्रैक्टर मार्च में जयदेव, रामपाल, देवेंद्र, राजवीर, पप्पू, जगदीश, रण पाल आदि शामिल रहे।
ऊन में ट्रैक्टर यात्रा निकालते किसान- फोटो : SHAMLI