शामली। कैश नहीं मिलने पर जनता परेशान हैं। कहीं हंगामा कर रही है, तो गुस्साई भीड़ कही पर जाम लगा रही है। मंगलवार को बैंक से रुपये नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने मेरठ-करनाल हाईवे को टिटौली में जाम कर दिया। उधर, भारतीय स्टेट बैंक शाखा मेरठ-करनाल रोड पर लोगों ने हंगामा किया।
मंगलवार को गांव टिटौली में लोगों ने सर्व यूपी ग्रामीण बैंक में कैश नहीं होने पर हंगामा शुरू कर दिया। कई दिनों से कैश नहीं मिलने पर गुस्साए ग्रामीणों ने मेरठ-करनाल हाईवे पर जाम लगा दिया।
जाम के चलते दोनों ओर लंबी-लंबी लाइनें लग गईं। सूचना पर थाना आदर्श मंडी पुलिस के दरोगा रविंद्र कुमार तथा सुशील कुमार मय फोर्स के मौके पर पहुंचे गए और मामले की जानकारी ली। ग्रामीणों ने पुलिस के सामने समस्या के समाधान की मांग की, लेकिन ग्रामीणों का हंगामा जारी रहा। जिसके बाद सीओ सिटी निशांक शर्मा मौके पर पहुंचे और लोगों को इस बारे में समझाया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए जाम खोल दिया।
उधर, नगर में भारतीय स्टेट बैंक की मेरठ-करनाल हाईवे पर स्थित शाखा में बैंक कर्मियों पर कार्य में लापरवाही बरतने तथा समय से पूर्व ही गेट बंद करने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। लोगों का कहना है कि लोगों की लाइन लगी हुई थी, लेकिन बैंक कर्मियों ने लंच की बात कहते हुए दो बैंक का गेट बंद कर लिया।
आरोप है कि पौने चार बजे गेट खोला। जिस कारण लोग बैंक के बाहर परेशान खड़े रहे। इस दौरान अनुभाव स्वामी कंडेला, डिंपल चौधरी कसेरवा, संदीप मुंडेट, गौरव कंडेला, नदीम व मुस्तकीम टपराना से मौजूद रहे। इसके अलावा गांव काबड़ौत में भी बैंक में हंगामा हुआ और लोगों ने कैश नहीं मिलने पर नाराजगी जताई।
शामली में सुबह से बैंकों में लगी रही लाइन ः शामली। नोटबंदी के बाद से लोग परेशानी झेल रहे है। बैंकों में सुबह होते ही लाइन लग जाती है और शाम तक लाईन रहती है। मंगलवार को भी नगर के बैंकों में लाइन लगनी शुरू हो गई थी।