जलालाबाद। जिलाधिकारी आलोक कुमार यादव ने शुक्रवार को नगर पंचायत जलालाबाद कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय के विभिन्न पटलों, कर्मचारियों की सुविधाओं और नगर में चल रहे विकास कार्यों की बारीकी से समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने नगर पंचायत में कार्यरत नियमित, संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही राज्य वित्त आयोग से कर्मचारियों को दिए जाने वाले वेतन, पीएफ और अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित अभिलेखों का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर पंचायत द्वारा भवन कर, जल मूल्य और अन्य देयों की वसूली की प्रगति भी जांची। इसके अलावा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कराए जा रहे विकास कार्यों की पत्रावलियों का अवलोकन किया, जो जांच में संतोषजनक पाई गईं।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने कस्बे के प्राचीन शिव मंदिर में नगर पंचायत द्वारा संचालित वंदन योजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्य की फाइल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाए। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष जहीर मलिक, अधिशासी अधिकारी जयबीर शर्मा, सभासद और नगर पंचायत कर्मचारी मौजूद रहे।