शामली । सरकारी स्कूलों में 15 मार्च को देशभक्ति दिवस मनाने का आदेश बेमानी हो गया। किसी भी स्कूल में देशभक्ति दिवस नहीं मनाया जा सका। प्रशासनिक अधिकारी भी इसकी जानकारी होने से अनभिज्ञता जताते रहे।
प्रदेश सरकार ने पूर्व में आदेश दिया था कि सरकारी स्कूलों में 15 मार्च को देशभक्ति दिवस मनाया जाएगा, जिसमें देशभक्ति कार्यक्रम कराए जाने थे।
गांव मुंडेट के प्राइमरी स्कूल, शहर के मोहल्ला बरखंडी स्थित दो स्कूल और मोहल्ला दयानंदनगर स्थित प्राइमरी स्कूल में जाकर देशभक्ति दिवस के बारे में पूछा, तो स्कूल प्रधानाध्यापक ने बताया कि कार्यक्रम के बारे में कोई सूचना नहीं आई। यदि सूचना आती, तो कार्यक्रम जरूर कराया जाता।
उधर, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार सिंह का भी कहना है कि देशभक्ति दिवस मनाने के संबंध में उन्हें जानकारी नहीं है। हो सकता है बेसिक शिक्षा अधिकारी के पास आदेश आया हो। उन्होंने भी इस बारे में जानकारी नहीं दी है।