संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 25 से 31 जुलाई तक ऊर्जा दिवस और बिजली महोत्सव मनाया जाएगा। सीडीओ शंभूनाथ तिवारी ने विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों की बैठक बुलाकर कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए।
विकास भवन स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में सीडीओ ने कहा कि ऊर्जा दिवस और बिजली महोत्सव का मुख्य उद्देश्य केंद्र व राज्य सरकारों द्वारा आजादी से अब तक ऊर्जा एवं नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में विकास और भविष्य में प्राप्त होने वाली विकास की संभावनाओं का प्रदर्शन किया जाना है। जिले में बिजली महोत्सव एवं ऊर्जा दिवस 27 जुलाई को कैराना ब्लॉक के कसेरवा कलां में बीज गोदाम परिसर में मनाया जाएगा। 28 जुलाई को कांधला ब्लॉक के जसाला गांव के पंजोखरा ग्रामीण स्टेडियम में होगा। इसमें विद्युत निगम, स्वास्थ्य विभाग, स्वयं सहायता समूह, कृषि, उद्यान, गन्ना विभाग आदि स्टाल लगाएंगे।
बैठक में अधीक्षण अभियंता विद्युत रामकुमार ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से जनपद के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, कारगिल युद्ध के सेनानियों के परिवारों का सम्मान किया जाएगा। युवा पीढ़ी को विद्युत से संबंधित सुरक्षात्मक उपयोग व बचत की जानकारी दी जाएगी। बैठक में डीडीओ प्रमोद कुमार, प्रभागीय वन अधिकारी डॉ. विनय सिंह, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के उपायुक्त शैलेन व्यास, डीआईओएस सरदार सिंह, बीएसए राहुल मिश्र, विद्युत निगम से अधीक्षण अभियंता रामकुमार, अधिशासी अभियंता ब्रह्मपाल, उदय प्रताप, रवींद्र प्रकाश, विनोद कुमार, बीडीओ आदि मौजूद रहे।