कैराना में अवैध कॉलोनी पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करता बुलडोजर। विकास प्राधिकरण
कैराना। मंगलवार को मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता संजय वशिष्ठ और अवर अभियंता गौरव कुमार टीम के साथ कैराना पहुंचे। पुलिस बल की मौजूदगी में टीम ने खुरगान रोड पर करीब चार हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए की गई प्लाॅटिंग को जेसीबी से ध्वस्त करा दिया। इसके अलावा काजी के बाग के पास भी एक अवैध कॉलोनी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
विकास प्राधिकरण की टीम ने पानीपत रोड पर कोतवाली के पास बिना मानचित्र स्वीकृत कराए बनाए गए तीन व्यावसायिक भवनों को भी सील कर दिया। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण के अवर अभियंता गौरव कुमार ने बताया कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए प्लाॅटिंग और व्यावसायिक भवनों का निर्माण करने पर कार्रवाई की गई है।