लूूट-चोरी में वांछित चल रहा आरोपी गिरफ्तार
शामली। आदर्श मंडी थाना पुलिस ने लूट व चोरी की घटना में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चाकू, ड्राइविंग लाइसेंस और नकदी बरामद की है।
सोमवार को एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि दो मार्च को गांव जलालपुर में रामपाल के घर से दो मवेशी चोरी कर लिए गए थे। रामपाल की तहरीर पर आदर्श मंडी थाने पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद 18 मार्च को बनत से गोहरपुर जाने वाले रास्ते में रोहित मलिक, निवासी गोहरपुर और उसके साथी से बदमाशों ने 6500 रुपये, मोबाइल, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड आदि लूट लिए थे। रोहित मलिक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस की जांच में दोनों घटनाओं में अखिलेश, इंतजार, कमल हसन और छिन्नू उर्फ सागर निवासी बनत के नाम प्रकाश में आए। पुलिस आरोपी अखिलेश और इंतजार को पुलिस द्वारा पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जिनके कब्जे से लूट का मोबाइल और नकदी बरामद हुई थी, जबकि कमल हसन और छिन्नू उर्फ सागर फरार चल रहे थे। रविवार रात को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर फरार आरोपी कमल, निवासी मोहल्ला प्रतापनगर कस्बा बनत को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से चाकू, लूटा गया ड्राइविंग लाइसेंस और चोरी के मवेशी बेचने से प्राप्त रकम से 250 रुपये बरामद हुए। हिस्से में आई बाकी रकम को आरोपी ने खर्च होना बताया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।