शामली में बुढ़ना रोड पर कोहरे में जाते वाहन । संवाद
शामली। रविवार आधी रात के बाद से जिले में घना कोहरा छा गया था। सोमवार सुबह जब लोग सोकर उठे तो हर तरफ घना कोहरा छाया हुआ था। कोहरे के कारण बूंदों की फुहारें पड़ने से सड़कों पर फिसलन बनी रही। घने कोहरे में दृश्यता आठ मीटर से भी कम होने के कारण वाहनों को धीमी गति से चलने को मजबूर होना पड़ा।
11 किलोमीटर की गति से ठंडी हवा चलने से मौसम में ठिठुरन बनी रही। ठंड से बचाव के लिए लोग सुबह घरों में दुबके रहे। घर से बाहर निकलते समय ऊनी व गर्म कपड़ों में लिपटे हुए नजर आए। दोपहर एक बजे कोहरा छंटने के बाद धूप निकली। शाम पांच बजे के बाद फिर से ठंड बढ़नी शुरू हो गई। पिछले 24 घंटे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक-एक डिग्री सेल्सियस की कमी आई। अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिक यूपी शाही ने बताया कि मंगलवार को सुबह कोहरा छाने और दिन में धूप निकलने के आसार है।
मौसम में बदलाव से बढ़ी अस्पताल में बढ़ी भीड़, 1114 पहुंचे मरीज
शामली। मौसम में बदलाव के चलते जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ रही। ठंड बढ़ने से वायरल के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। सोमवार को ओपीडी में 820 नए पर्चे पर और 294 पुराने पर्चे पर मरीजों ने उपचार कराया। फिजिशियन डॉ. सचिन मलिक ने 184 मरीजों की जांच की। डॉ. समद अली ने 116, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राघव अग्रवाल ने 195 और डॉ. रामनिवास ने 75, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुरागी ने 54 बच्चों की जांच कर उपचार दिया। महिला चिकित्सक डॉ. सानिया ने 146 महिला मरीजों की जांच की। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने बताया कि मौसम में बार-बार बदलाव के चलते वायरल संक्रमण के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। सभी मरीजों की जांच कर उपचार दिया गया है।