कांधला। पानीपत फिल्म के विरोध में जाट समाज के तीन गांव के लोगों ने कस्बे के दिल्ली बस स्टैंड के निकट आनंद सिने प्लैक्स पर प्रदर्शन किया। सिने प्लैक्स में फिल्म का प्रसारण न मिलने पर लोगों ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के निकट सांकेतिक धरना दिया। लोगों ने पुलिस अधिकारियों को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर फिल्म के प्रसारण पर रोक लगाने की मांग की।
बुधवार को एलम, भारसी और नाला गांव के जाट समाज के लोग पूर्व प्रधान पप्पू भारसी, बिजेंद्र सिंह और अरविंद भारसी के नेतृत्व में कस्बे के दिल्ली बस स्टैंड के निकट स्थित आनंद सिने प्लैक्स पर पहुंचे। उन्होंने पानीपत फिल्म के प्रसारण पर रोष व्यक्त करते हुए प्रदर्शन किया। अरविंद भारसी ने आरोप लगाया कि फिल्म में महाराजा सूरजमल के चरित्र को गलत तरीके से दिखाया गया है। उन्होंने कहा कि फिल्म में ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़ मरोड़ कर प्रस्तुत करके समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। यह समाज का अपमान है। इस दौरान सिनेमा के कर्मचारियों ने बताया कि सिनेमा में फिल्म का प्रसारण पहले ही बंद किया जा चुका है। इसके बाद समाज के लोग सिने प्लैक्स से दिल्ली रोड बस अड्डे पर पहुंचे और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के निकट सांकेतिक धरना दिया।
इस दौरान लोगों ने कांधला थाने के एसएसआई रविंद्र कुमार को प्रदेश के सीएम योगी आदित्यानाथ के नाम ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर नीरज पंवार, सौरभ पंवार, सत्यवीर पंवार एलम, राहुल पंवार, चौहल सिंह, राजेंद्र सिंह, अनिल कुमार, सचिन, अमित और अंकित आदि मौजूद रहे।