शामली। चौसाना के गांव नाईनंगला नवीन के बवाल में घायलों के पीड़ित परिजनों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि पुलिस ने दूसरे पक्ष से सांठगांठ कर ली है और क्रॉस केस दर्ज कराने की तैयारी कर रही है। बाद में एसडीएम ऊन व तहसीलदार ने उन्हें आश्वासन देकर शांत किया।
दो दिन पूर्व चौसाना के नाईनंगला नवीन में जबरन इंदिरा आवास खाली कराने को लेकर बवाल हो गया था। इसमें दबंगों ने इंदिरा आवास में रहे लोगों पर फायरिंग की थी, जिसमें 15 लोग घायल हो गए थे। शनिवार को घायल पक्ष के लोग कलक्ट्रेट में डीएम से मिलने पहुंचे। घायल पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। उन्हें धमकियां मिल रही हैं।
इस दौरान पीड़ितों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि आरोपी पक्ष फर्जी डाक्टरी कर क्रॉस केस दर्ज कराने की तैयारी कर
रहा है। पुलिस को भी आरोपियों के बारे में सूचना दी गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
डीएम के मीटिंग में होने के कारण एसडीएम ऊन व तहसीलदार पीड़ित परिजनों से मिले। आश्वासन दिया कि निष्पक्ष कार्रवाई होगी और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। जिसके बाद ही पीड़ित शांत हुए। इस दौरान नौशाद, तहसीन, मुकीम, शौकीन, महफूज, तासीन, आबिदा, जुनेजा, यामीन, शौकत, अरशद, जाहिद, इस्लाम आदि मौजूद रहे।