गढ़ीपुख्ता। एलम की महिला और उसके बच्चे की बरामदगी की मांग को लेकर स्वामी यशवीर महाराज ने शामली पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चार दिन के भीतर महिला और बच्चे की बरामदगी नहीं होने पर गांव कच्ची गढ़ी में संबंधित युवक के घर के बाहर धरने पर बैठने की चेतावनी दी है।
योग साधना यशवीर आश्रम बघरा, मुजफ्फरनगर के पीठाधीश्वर स्वामी यशवीर महाराज के अनुसार महिला करीब 10 दिन पहले अपने दो बच्चों में से एक बच्चे के साथ लापता हो गई थी। परिजनों ने गांव कच्ची गढ़ी निवासी दूसरे वर्ग के युवक पर महिला और बच्चे को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। परिवार ने धर्मांतरण का आरोप भी लगाया है।
स्वामी यशवीर महाराज ने बताया कि पीड़ित परिवार ने उनसे संपर्क कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से महिला और बच्चे को जल्द बरामद कराने, आरोपों की निष्पक्ष जांच करने और नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। एएसपी सुमित का कहना है कि महिला और बच्चे को बरामद करने कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।