शामली। काबड़ौत की ओर से जा रहे व्यापारी पिता-पुत्र की बाइक में पीछे से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में पुत्र की मौके पर मौत हो गई, जबकि पिता ने अस्पताल जाते हुए रास्ते में दम तोड़ दिया।
रेलवे रोड निवासी व्यापारी अनिल गर्ग अपने पुत्र जिज्ञासु के साथ बाइक से उधारी वसूलने के लिए रविवार सुबह घर से निकला था। जब वह काबड़ौत पुल पर पहुंचे तो सामने खड़े ट्रक के पीछे उन्होंने बाइक रोक दी। इसी दौरान पीछे से आए एक ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे तुरंत बाद चालक ट्रक को छोड़कर मौके से फरार हो गया।
टक्कर लगने से बाइक सवार जिज्ञासु की मौके पर मौत हो गई, जबकि अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया, लेकिन रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों का शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया। मृतक अनिल के भाई अजय की ओर से ट्रक नंबर यूपी 17 बी 1452 के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार युवक ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
वहीं, कैराना में शनिवार शाम पांच बजे भूरा रोड पर कार की टक्कर से बाइक सवार रिजवान, कुरबान निवासी भूरा और एक अन्य कुरबान निवासी नवाजपुरा घायल हो गए थे। कुरबान को गंभीर हालत के चलते मेरठ रेफर कर दिया।
हादसे के बाद पुल पर लगा जाम
हादसे के बाद ट्रक पुल के बीच गया। जिस कारण मेरठ-करनाल हाइवे ब्लॉक हो गया। देखते ही देखते दोनों ओर कई किमी तक लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर ट्रक को बीच रास्ते से बमुश्किल हटवाया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया जा सका।