शामली में हमले में घायल मोबाइल फोन व्यवसायी दीपक बंसल।स्रोत परिजन
शामली। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में माजरा रोड पर रेस्टोरेंट में खाना खा रहे मोबाइल फोन व्यवसायी दीपक बंसल व उनके साथी जतिन पर बाइक सवार आठ-दस युवकों ने हमला कर गंभीर घायल कर दिया। आरोपी व्यवसायी से 70 हजार रुपये और सोने की चेन लूटकर भाग गए। पीड़ित की तरफ से आदर्श मंडी थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
शहर के मोहल्ला ब्राह्मणान निवासी दीपक बंसल की फव्वारा चौक पर मोबाइल फोन की दुकान है। दीपक ने बताया कि बुधवार रात करीब पौने दस बजे वह अपने साथी जतिन के साथ माजरा रोड स्थित एक रेस्टाेरेंट पर खाना खाने गए थे। उसी समय वहां पर बुलेट बाइक पर दो युवक आए। उन्होंने उसके साथ गाली गलौज करते हुए कहा कि वासु क्या हाल है। उसने कहा कि वह वासु नहीं है।
इसके बाद वह अपने साथी के साथ अंदर जाकर खाना खाने लगे। लगभग दस मिनट बाद आठ-दस लड़के तमंचे, पिस्टल, लाठी डंडे लेकर आए और उन दोनों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान आरोपी उसकी जेब से 70 हजार रुपये और 22 ग्राम सोने की चेन लूट ली। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली और आरोपियों की तलाश की, लेकिन वे पकड़ में नहीं आ सके। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। दीपक बंसल की तहरीर पर आदर्श मंडी थाने पर आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली।
व्यवसायी से नौ माह पहले मांगी गई थी 20 लाख रुपये की रंगदारी
दीपक बंसल से फव्वारा चौक स्थित दुकान में नौ माह पहले 11 मई 2025 को डालकर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इस मामले में शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसके चार दिन बाद 15 मई को फिर रंगदारी की धमकी भरी दूसरी चिट्ठी दुकान में डाली गई थी। इस मामले में पुलिस की जांच में कुर्बान गैंग के महताब निवासी सोंता रसूलपुर का नाम प्रकाश में आया था। 27 नवंबर 2025 को जिला मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना थानाक्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ में महताब मारा गया था।
शामली में हमले में घायल मोबाइल फोन व्यवसायी दीपक बंसल।स्रोत परिजन