चीनी मिल की राख से दयानंद नगरवासी परेशान
शामली। शामली चीनी मिल से निकलने वाली राख से मोहल्ला दयानंद नगर के लोग परेशान हैं। पालिका के वार्ड सभासद के नेतृत्व में तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मोहल्लेवासियों के हस्ताक्षरयुक्त पत्र डीएम को देकर समस्या के समाधान की मांग की है।
शुक्रवार को मोहल्ला दयानंद नगर निवासी पालिका के वार्ड 16 के सभासद अनिल उपाध्याय के नेतृत्व में तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने डीएम जसजीत कौर से मिला। अनिल ने बताया कि चीनी मिल से निकलने वाली राख उड़कर लोगों के घरों के बाहर से लेकर अंदर रसोई व कमरों तक पहुंच रही है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मिल द्वारा मोहल्ले के निकट मैदान में राख और भूसी के ढेर लगाए जा रहे हैं, जो हवा में उड़कर लोगों की आंखों में घुस जाते हैं। उन्होंने डीएम से इस समस्या के समाधान की मांग की है। डीएम ने उन्हें समस्या के समाधान कराने का आश्वासन दिया है।