कैराना। तीतरवाड़ा निवासी वासिल की हत्या दम घुटने से हुई। उसकी पसली की हड्डी भी टूटी मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह खुलासा हुआ है। उधर, घटना के 24 घंटे बीतने के बाद भी कैराना पुलिस केस में एक कदम भी नहीं बढ़ पाई है। पुलिस आरोपियों की खोजबीन में ही जुटी है।
बुधवार सुबह पानीपत-खटीमा मार्ग से शेखुपुरा जाने वाली सड़क के बराबर में तीतरवाडा निवासी वासिल का शव पड़ा मिला था। वहां से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर कंडेला बाईपास पर वासिल की कार खड़ी थी। उसका मोबाइल और पर्स भी मौके पर ही पड़े मिले थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। वासिल के भाई तासिम की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इसके बाद से जांच जारी है।
पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वासिल की मौत पानी में दम घुटने से होने की बात सामने आई है। वासिल की पसली टूटी मिली है। कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही इसका खुलासा कर दिया जाएगा।