हरियाणा पुुलिस की मोर माजरा गांव में दबिश
थानाभवन। रोहतक में हुई मोटर चोरी के मामले में हरियाणा पुलिस ने मोरमाजरा गांव में दबिश दी। हालांकि, पुलिस के आने से पहले ही संदिग्ध युवक मौके से फरार हो गया। जिसके बाद पुलिस लौट गई।
कादरगढ़ चौकी के दरोगा विकास कुमार ने बताया कि पिछले सप्ताह हरियाणा के रोहतक जिले में नलकूपों से मोटर चोरी कर ली गई थीं। हरियाणा पुलिस को छानबीन में पता चला कि शामली जिले के गांव मोरमाजरा निवासी युवक उनके क्षेत्र में नौकरी करता है। उसी युवक को संदिग्ध मानते हुए चोरी का आरोप लगाया। इसके बाद कुछ लोग रोहतक पुलिस के साथ बृहस्पतिवार को थाने पहुंचे। यहां आमद कराने के बाद पुलिस ने गांव मोरमाजरा में संदिग्ध युवक की तलाश में छापा मारा, लेकिन संदिग्ध युवक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। इस पर पुलिस ने युवक के परिजनों को शीघ्र उसे पेश करने के लिए कहा। थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि हरियाणा पुलिस संदिग्ध युवक को पकड़ने के लिए आई थी। जैसे ही युवक के संबंध में कोई सूचना मिलेगी, तो हरियाणा पुलिस को सूचित किया जाएगा।