शामली। साइबर ठगों ने सस्ते दामों में ब्रांडेड जूते और कपड़े बेचने का झांसा देना शुरू कर दिया है। ठग सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर आकर्षक विज्ञापन डालकर और मोबाइल नंबर साझा कर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। जैसे ही लोग ऑनलाइन भुगतान करते हैं, ठग मोबाइल नंबर स्विच ऑफ कर फरार हो जाते हैं। लगातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
केस-1 :
सीबी गुप्ता कॉलोनी निवासी मीरा ने बताया कि एक दिसंबर को उन्होंने सोशल मीडिया पर ब्रांडेड जूते खरीदने के लिए संपर्क किया। पांच जोड़ी जूते तीन हजार रुपये में देने का झांसा दिया गया। ऑनलाइन भुगतान करने के बाद मोबाइल नंबर बंद हो गया। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की है।
केस-2:
कैराना के कांधला रोड क्षेत्र निवासी जिशान ने बताया कि दो दिसंबर को एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने चार जोड़ी जूते और तीन जोड़ी कपड़े पांच हजार रुपये में देने की बात कही। रुपये ट्रांसफर करते ही मोबाइल नंबर स्विच ऑफ हो गया।
केस-3:
रेलवे रोड निवासी अनुज ने बताया कि सोशल मीडिया पर दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर 300 से 400 रुपये में ब्रांडेड जूते देने का दावा किया गया। उन्होंने दुकान के लिए सामान खरीदने को ऑनलाइन 20 हजार रुपये भेज दिए थे, लेकिन समय रहते पुलिस से संपर्क करने पर रकम होल्ड करा ली गई और ठगी से बच गए।
एसपी की एडवाइजरी
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर सस्ते सामान के विज्ञापनों के झांसे में न आएं। किसी भी अनजान नंबर, लिंक या ऑफर पर बिना जांच-पड़ताल के ऑनलाइन भुगतान न करें। खरीदारी हमेशा प्रमाणिक वेबसाइट या भरोसेमंद प्लेटफार्म से ही करें। उन्होंने बताया कि ठगी होने की स्थिति में पीड़ित तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1030 पर कॉल करें या नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें, ताकि समय रहते ट्रांजैक्शन को होल्ड कराया जा सके।