सोशल मीडिया के मैदान में उतरी साइबर फौज
शामली। कोरोना महामारी के चलते चुनाव आयोग ने यह संकेत दिए हैं कि इस बार विधानसभा चुनाव में प्रचार के माध्यम में बड़ा बदलाव होगा। राजनीतिक दल इस बार चुनाव में मतदाताओं की भीड़ एकत्र कर उनसे सीधे रूबरू नहीं हो सकेंगे। ऐसे में वर्चुअल प्रचार-प्रसार के तरीके ज्यादा इस्तेमाल किए जाएंगे। आयोग ने 15 जनवरी तक रैली, नुक्कड़ सभा, रोड शो और बाइक व साइकिल रैली पर भी रोक लगा दी है।
डोर-टू-डोर जनसंपर्क में भी प्रत्याशी के साथ पांच से ज्यादा लोग मौजूद नहीं रहेंगे। जिस रफ्तार से कोरोना बढ़ रहा है, उसे देखते हुए प्रथम चरण की यह पाबंदी आगे भी जारी रहने की संभावना है। ऐसे में भावी प्रत्याशियों के समर्थक व्हाट्सएप और फेसबुक के मैदान में उतर आए हैं। अपने नेताओं के समर्थन में उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्टों की झड़ी लगा दी है।
वहीं, किसी भी राजनीतिक दल ने अभी तक अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा नहीं की है। भाजपा, सपा और रालोद में टिकटों को लेकर ज्यादा मारामारी है। सपा और रालोद के बीच तो अभी सीटों का फार्मूला भी घोषित नहीं हुआ है। ऐसे में सोशल मीडिया पर भावी प्रत्याशियों के समर्थक उनकी मजबूत दावेदारी पेश करने में लगे हैं। अपने नेताओं को संबंधित सीट पर सबसे योग्य और जिताऊ प्रत्याशी बताकर पोस्ट की जा रही है। समर्थकों ने प्रचार प्रसार के लिए कई-कई व्हाट्सएप ग्रुप और फेसबुक पर पेज बना लिए हैं। रविवार को दिनभर इन पर पोस्ट करने का सिलसिला जारी रहा। प्रत्याशियों के समर्थन में उनके समर्थक सोशल मीडिया पर अंधाधुंध पोस्ट कर रहे हैं। अपने ग्रुपों में ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ रहे हैं। इन ग्रुपों में कई नौसिखिए भी जुड़ रहे हैं, जो बिना सोचे-समझे कोई भी पोस्ट सोशल मीडिया पर कर सकते हैं। ऐसे में किसी गलत पोस्ट से प्रत्याशियों को नुकसान भी हो सकता है।
सोशल मीडिया पर रखी जाएगी नजर
एसपी सुकीर्ति माधव का कहना है कि विधानसभा चुनाव में सोशल मीडिया पर नजर रखी जाएगी। इसके लिए कई टीम गठित कर दी गईं है। भड़काऊ और भ्रामक पोस्ट करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।
विधानसभा चुनाव की महत्वपूर्ण तिथि
निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने की तिथि - 14 जनवरी।
नामांकन पत्र दाखिल करने की तिथि - 14 जनवरी से 21 जनवरी।
नामांकन पत्रों की जांच - 24 जनवरी।
नामांकन पत्र वापसी के लिए अंतिम तिथि - 27 जनवरी।
मतदान की तिथि -10 फरवरी, दिन बृहस्पतिवार।
मतगणना की तिथि - 10 मार्च, दिन बृहस्पतिवार।
प्रत्याशी यहां पर करेंगे नामांकन
जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नामांकन के लिए डीएम जसजीत कौर ने कलक्ट्रेट में कक्ष निर्धारित कर दिए हैं। कैराना विधानसभा सीट के लिए जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में नामांकन दाखिल किए जाएंगे। थानाभवन सीट के लिए तहसीलदार शामली और शामली सीट के लिए एसडीएम शामली न्यायालय में नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। नामांकन का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा। नामांकन के दौरान जुलूस निकालने पर प्रतिबंध रहेगा। प्रत्याशियों के साथ उनके प्रस्तावक ही कलक्ट्रेट परिसर में प्रवेश कर पाएंगे। इस दौरान कलक्ट्रेट के गेट पर पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के जवान तैनात रहेंगे।