शामली। कांवड़ यात्रा मार्ग पर व्यवस्था दुरुस्त करने का कार्य शुरू हो गया है। बनत नगर पंचायत की ओर से सड़क किनारे खड़ी झाड़ियों को कटवाया गया और सड़क के गड्ढे भी भरवाए गए।
एडीएम भरत पांडेय ने मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की मीटिंग लेकर कांवड़ यात्रा के संबंध में तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया था। इसके चलते बुधवार से ही कांवड़ मार्ग पर व्यवस्था ठीक करने का कार्य शुरू हो गया। बनत नगर पंचायत की ओर एसटी तिराहा शामली से लेकर कृष्णा नदी पुल तक जेसीबी लगाकर सड़क किनारे झाड़ियां काटने के साथ ही मिट्टी से गड्ढे भरे गए। वहीं, लोक निर्माण विभाग की तरफ से मुजफ्फरनगर मार्ग पर सड़क में गड्ढों को भरना शुरू कर दिया है।
उधर, नगरपालिका शामली की तरफ से गुरुद्वारा तिराहे से आगे एसटी तिराहे तक सड़क के बीच डिवाइडर के रूप में बड़े गमले रखवाने शुरू कर दिए हैं।
गौरतलब है कि हरिद्वार से गंगाजल लेकर श्रद्धालु कांवड़ियां शिवालयों की ओर प्रस्थान करते हैं। 20 जुलाई से कांवड़ मेला शुरू हो रहा है। हरिद्वार से हरियाणा, दिल्ली और बागपत की तरफ बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़िया मुजफ्फरनगर और सहारनपुर मार्ग से शामली होकर गंतव्य की तरफ जाते हैं।