जलालाबाद। अनियंत्रित पिकअप ने बाइक सवार पिता-पुत्र को रौंद दिया। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर एक घंटे बाद तक एंबुलेंस नहीं पहुंची तो पुलिस ने शव को प्राइवेट गाड़ी से पीएम के लिए भेज दिया। देर शाम तक थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
थानाभवन क्षेत्र के गांव हरड़ फतेहपुर निवासी मांगेराम पांचाल अपने पुत्र जौनी पांचाल के साथ बाइक से जलालाबाद-गंगोह मार्ग से नकुड़ के गांव बादी में अपने रिस्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। दोपहर 2 बजे के आसपास जब वह गंदेवड़ा नहर के पास पहुंचे तो पीछे से तेजी से आ रही पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे पिता पुत्र खाई में जा गिरे ।
पास के बाग में काम कर रहे बाग ठेकेदार ने मौके पर पहुंचकर घायलों को राहगीरों की मदद से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन एंबुलेंस समय से मौके पर नहीं पहुंची। इस बीच दोनों की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पिता-पुत्र की मौत की खबर जैसे ही हरड़ फतेहपुर पहुंची वहां पर कोहराम मच गया।
हेलमेट पहनते तो बच सकती थी जान
राहगीरों के अनुसार बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था। इसके चलते उनके सिर में ज्यादा चोट लगी। यदि वह हेलमेट पहनते तो शायद उनकी जान बच सकती थी। हालांकि इनमें से एक पास हेलमेट था, लेकिन वह बाइक पर साइड में लगा हुआ था।