थानाभवन। बैंक द्वारा नो कैश का नोटिस लगा देने पर पीएनबी के बाहर लोगों ने हंगामा कर दिया। बैंक का शटर बंद कर शाखा प्रबंधक को बंधक बना अपने बीच बैठाए रखा।
बुधवार को नगर के ओबीसी और स्टेट बैंक में लोगों को दोपहर तक पैसा वितरित किए गए। वहीं, पीएनबी और यूनियन बैंक की शाखा पर चौथे दिन भी नो कैश का नोटिस लगा दिया गया।
जिसके बाद सुबह सात बजे से बैंक के बाहर लाइनों में खडे़ लोगों ग्राहकों का आक्रोश फूट पड़ा। लोगों ने पीएनबी बैंक का शटर बंद कर शाखा प्रबंधक सुरेंद्र सिंह को बंधक बना लिया।
आरोप है कि मंगलवार को बैंक में दोपहर बाद कैश आया था, जो ग्राहकों को नहीं दिया गया। आखिर वह कैश कहां गया। विवेक कुमार, ओमप्रकाश, रोहित, जिशान, सोनू ने शाखा प्रबंधक पर आरोप लगाया कि किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से बंद किए गए नोटों को जमा दिखा छोटे नोटों का व्यापार कर रहे हैं।
घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। सपा विधानसभा प्रत्याशी शेरसिंह राणा और ग्राहकों ने शाखा प्रबंधक से वार्ता कर बैंक को खुलवाया। जिसके बाद कहीं जाकर ग्राहकों ने अपना पैसा बैंक में जमा कराया, लेकिन कैश न होने के कारण बैंक से पैसा निकालने वालों को शाम तक लाइनों में लगे रहने के बावजूद भी पैसा नहीं मिला। बैंकों की कार्यप्रणाली से परेशान ग्राहकों में आक्रोश दिखाई दिया।