शामली में शहर के आठ्ठे वाला मंदिर में नवरात्र पर प्रसाद चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं की लगी भीड़
शामली। शारदीय नवरात्र के आठवें दिन मंगलवार को शामली के मंदिरों में मां गौरी की पूजा-अर्चना और कन्या पूजन का आयोजन हुआ। सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लग गया और घंटों तक जयकारों, भजन-कीर्तन और मंत्रों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
घर-घर में माता का दरबार सजाया गया। भक्तों ने श्री दुर्गा सप्तशती, दुर्गा स्तोत्र और चालीसा का पाठ कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, कल्याण और आरोग्य की कामना की। नगर के प्रमुख मंदिरों में विशेष अनुष्ठान संपन्न हुए।
सुबह के समय कन्याओं का विधिवत पूजन किया गया। कन्याओं को भोजन कराकर दक्षिणा देकर विधिपूर्वक विदाई दी गई।
करनाल रोड, पुरानी सब्जी मंडी, टंकी रोड स्थित भैरव मंदिर, पंजाबी कॉलोनी का रघुनाथ मंदिर, रेलपार दुर्गा-शिव मंदिर, बुढ़ाना रोड बलभद्र मंदिर, राजो मोहल्ला बाला सुंदरी मंदिर, रेलवे रोड श्री सत्यनारायण मंदिर और माजरा रोड स्थित भाकू वाला मंदिर सहित कई स्थानों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के आठवें स्वरूप, मां गौरी की विशेष पूजा अर्चना की और अपनी मनोकामनाओं की प्राप्ति के लिए प्रार्थना की।