शामली। सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम हुए। अधिकारियों, छात्र-छात्राओं के साथ ही राजनीतिक दलों के लोगों ने एकता मार्च में दौड़ लगाते हुए युवाओं को एकता, देशभक्ति और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं ने फूलों से सुंदर रंगोली बनाई गई। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
जिला प्रशासन की ओर से लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर वीवी पीजी कॉलेज परिसर में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। वीवी पीजी कॉलेज से राष्ट्रीय किसान इंटर कॉलेज तक एकता मार्च निकाला गया। मुख्य अतिथि मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए सरदार वल्लभ भाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनको नमन किया। मंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने 562 रियासतों को बिना किसी खून खराबे, बिना किसी झगड़े के दिलाकर एक संगठित भारत का निर्माण किया।इसलिए पटेल से ऊंची प्रतिमा आज देश में किसी की नहीं है। यह दौड़ देश की एकता और अखंडता को प्रदर्शित करने वाला मार्च है।
एकता मार्च के विजेता द्वितीय बालक वर्ग में शांतनु, शाहरुख, जगमेहर व बालिका वर्ग में सृष्टि, प्रिया शर्मा, आकांक्षा खैवाल को मेडल बनाकर सम्मानित किया। इस दौरान डीएम अरविंद कुमार, एसपी नरेंद्र प्रताप, सीडीओ विनय कुमार, जिलाध्यक्ष तेजेंद्र निर्वाल, चेयरमैन अरविंद संगल, एमएलसी वीरेंद्र सिंह, उप-क्रीड़ा अधिकारी अश्वनी कुमार त्यागी, डीआईओएस लता राठौर रही।
इसके साथ ही मेपल्स एकेडमी में प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश शर्मा, उप-प्रधानाचार्या मौसमी दास ने बच्चों को पटेल के जीवन परिचय से अवगत कराया। संजीव कुमार, संदीप कुमार, कविता, अनीता, अमित कुमार, कपिल कुमार, रवि कुमार रहे। वहीं सरस्वती विद्या मंदिर में कॉलेज प्रधानाचार्य आनंद प्रसाद ने जीवन परिचय पर प्रकाश डाला। एकता मार्च निकाला। इस दौरान उप प्रधानाचार्य मलूक चंद, नीटू कुमार, पुष्पेंद्र कुमार, अशोक सोम रहे।
झिंझाना में आरएसएस इंटर कॉलेज में कार्यक्रम हुआ। परविंदर कुमार व सुनील कुमार ने पटेल के जीवन एवं उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। मिशन शक्ति टीम ने छात्र-छात्राओं को नए कानूनों के विषय में जानकारी देकर हेल्पलाइन के बारे में जागरूक किया। संचालन रसायन विज्ञान प्रवक्ता मुकेश कुमार ने किया।
जलालाबाद में कस्बे के ग्रीन वेली पब्लिक स्कूल, सेंट स्टीफन इंटरनेशनल स्कूल, अल्पाइन इंटरनेशनल स्कूल, दिव्या पब्लिक स्कूल, नेशनल पब्लिक इंटर कॉलेज आदि शिक्षण संस्थानों में सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती धूमधाम से मनाई गई। प्रधानाचार्यों द्वारा विद्यालय में उपस्थित सभी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
कैराना कोतवाली परिसर से रन फॉर यूनिटी का शुभारंभ हुआ। सीओ श्याम सिंह, कोतवाली प्रभारी समय पाल अत्री, दा न्यू हाइट्स एकेडमी के प्रधानाचार्य विवेक उपाध्याय के साथ छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। दौड़ कोतवाली परिसर से शुरू होकर खंड विकास कार्यालय पहुंची तथा इसके बाद उन्हें वापस कोतवाली परिसर में आकर समापन हुआ।
कांधला में राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान जैनब, द्वितीय, तृतीय स्थान शाहीन ने प्राप्त किया। प्राचार्य प्रोफेसर बृजभूषण द्वारा पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की। छात्रा प्रिंसी, सलोनी, दीक्षा, अर्शी व महक द्वारा काव्य पाठ एवं महविश ने भाषण प्रस्तुत किए। थाना प्रभारी के सतीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने एकजुटता और राष्ट्र की अखंडता का संदेश देते हुए दौड़ में भाग लिया।