ज्यादा गन्ने के बावजूद जल्द पूरा होगा पेराई सत्र
शामली। इस बार गन्ना सीजन शुगर मिलों और किसानों के लिए बेहतर चल रहा है। शुगर मिलों के क्षेत्र में गन्ना बढ़ा है। इसके बावजूद शुगर मिलें गन्ने का जल्द पेराई सत्र पूरा कर लेंगी। शामली चीनी मिल का पेराई सत्र मई के तीसरे सप्ताह में पूरा हो जाएगा, जो कि पिछले वर्ष 12 जून तक चली थी। ऊन शुगर मिल भी मई के दूसरे सप्ताह तक पेराई पूरी कर लेगी, जबकि थानाभवन अप्रैल के अंत तक पेराई सत्र पूरा कर लेगी।
इस बार थानाभवन मिल एक नवंबर, ऊन दो नवंबर और शामली मिल पांच नवंबर को चालू हो गई थी। शामली शुगर मिल में शुरुआत में थोड़ी खराबी आई, लेकिन इसके बाद से पेराई ठीक चल रही है। ऊन और थानाभवन शुगर मिलें भी गन्ने की निर्बाध पेराई कर रही हैं। तीनों शुगर मिलें अपने आवंटित लक्ष्य के नजदीक तक गन्ने की पेराई कर चुकी हैं। हालांकि नए सर्वे में गन्ना बढ़ गया है, जिससे मिलों को थोड़ा समय लग रहा है। इसके बावजूद मिल अधिकारियों ने बताया कि इस बार पिछले साल के मुकाबले पेराई 20 से 25 दिन पहले पूरा हो जाएगा।
खेतों में खड़ा है 1.39 करोड़ क्विंटल गन्ना
शामली। करीब 2.98 करोड़ क्विंटल गन्ने की पेराई के बावजूद अभी भी खेेतों में 1.39 करोड़ क्विंटल गन्ना अभी खड़ा हुआ है। नए सर्वे में शामली मिल क्षेत्र में 15.49, थानाभवन में 53 लाख तथा ऊन शुगर मिल के क्षेत्र में 15 लाख क्विंटल गन्ना बढ़ा है।
शामली मिल के छह केंद्र ऊन को हुए थे हस्तांतरित
पिछले साल शामली शुगर मिल 12 जूून तक चली थी। इस बार शामली मिल के छह गन्ना खरीद केंद्रों को ऊन चीनी मिल को हस्तांतरित कर दिया गया था। इससे ऊन मिल के पास गन्ना और बढ़ गया था। ऊन चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक अनिल अहलावत ने बताया कि इस साल मिल ने अब तक पिछले साल के मुकाबले 12 लाख क्विंटल अतिरिक्त गन्ने की पेराई की है। मिल दस मई तक गन्ना पेराई समाप्त कर देगी। थानाभवन मिल के गन्ना महाप्रबंधक जेबी तोमर का कहना है कि थानाभवन चीनी मिल 30 अप्रैल गन्ना पेराई समाप्त कर देगी। शामली गन्ना समिति के सचिव मुकेश राठी ने बताया कि शामली चीनी मिल पिछले वर्ष के मुकाबले 20 से 25 दिन पहले पेराई समाप्त कर देगी। डीसीओ विजय बहादुर सिंह के मुताबिक अब तक तीनों शुगर मिलें दो करोड़ 98 लाख 65 हजार क्विंटल गन्ने की पेराई कर चुकी हैं।
शुगर मिल पेराई लक्ष्य अब तक पेराई
शामली 1.10 करोड़ क्विंटल 91.65 लाख क्विंटल
ऊन 1.10 करोड़ क्विंटल 91.00 लाख क्विंटल
थानाभवन 1.34 करोड़ क्विंटल 1.16 लाख क्विंटल
शुगर मिलों की पिछले साल की स्थिति
मिलें बंद होने की तिथि
शामली 12 जून 2020
थानाभवन 30 मई 2020
ऊन 20 मई 2020