कांधला। गांव इस्सोपुरटील निवासी सीआरपीएफ के एएसआई का लंबी बीमारी के बाद दिल्ली के कैंसर हॉस्पिटल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार को उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, जहां ग्रामीणों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
थाना क्षेत्र के गांव इस्सोपुरटील निवासी 45 वर्षीय नरेंद्र चौहान वर्ष 2003 में सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे। वर्तमान में वे हरियाणा के सोनीपत में सहायक उपनिरीक्षक के पद पर तैनात थे। परिजनों के अनुसार करीब एक माह पूर्व उनकी तबीयत बिगड़ने पर जांच कराई गई, जिसमें कैंसर की पुष्टि हुई। इसके बाद उनका उपचार दिल्ली स्थित एक्शाईन कैंसर हॉस्पिटल दिल्ली में चल रहा था। शुक्रवार देर रात उन्होंने उपचार के दौरान अंतिम सांस ली।
शनिवार को सीआरपीएफ के जवानों द्वारा उनका पार्थिव शरीर गांव लाया गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। गमगीन माहौल में लोगों ने जब तक सूरज चांद रहेगा, नरेंद्र चौहान तेरा नाम रहेगा जैसे नारों के साथ अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद सीआरपीएफ के जवानों ने सम्मान के साथ उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। उनके बड़े पुत्र अक्षय चौहान ने चिता को मुखाग्नि दी।
सीआरपीएफ के जवान का फाईल फोटो