शामली। प्रशासन द्वारा निर्धारित किए गए आरके डिग्री कालेज के मैदान में पटाखा बाजार में ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। बच्चों ने अपने अभिभावकों के साथ और युवाओं ने पटाखा बाजार में पहुंचकर पटाखों की खरीदारी की। एसडीएम व सीओ ने पटाखा बाजार में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रशासन द्वारा आरके डिग्री कालेज के मैदान को पटाखा बाजार के लिए निर्धारित किया है। मैदान में प्रशासन की अनुमति से लेकर एक सौ से अधिक दुकानें लगाई गई है। शहर में कहीं पर भी पटाखा बेचने की अनुमति नहीं दी गई है। सभी पटाखों को एक ही स्थान पर बेचने की अनुमति दी गई है। शनिवार दोपहर एसडीएम सदर संदीप कुमार, सीओ सिटी जितेंद्र सिंह और सीएफओ दीपक शर्मा ने पटाखा बाजार में पहुंचकर निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सीएफओ ने बताया कि हर पटाखा दुकान पर रेत और पानी की बाल्टी रखी गई है ताकि अगर कोई आग लगती है तो तत्काल उसे बुझाया जा सके। साथ ही फायरब्रिगेड की गाड़ी भी हर समय पटाखा मैदान पर खड़ी की गई है। एसडीएम ने पटाखा विक्रेताओं से किसी भी तरह की लापरवाही न बरते जाने और आग से बचाव के लिए सावधानी बरतने को कहा है। युवाओं और बच्चों ने परिजनों के साथ मैदान में पहुंचकर पटाखों की खरीदारी की। सुबह से लेकर रात तक पटाखों की खरीदारी करने वालों की भीड़ लगी रही।