कैराना तहसील में एसआईआर के नोटिस मिलने पर पहुंचे फरयादियों की लगी लाइन-संवाद
कैराना। एसआईआर के तहत नोटिस प्राप्त करने वाले फरियादियों की तहसील में मंगलवार को भारी भीड़ रही। फरियादी कई-कई घंटे लाइन में खड़े होकर अपनी समस्याओं का समाधान कराने में जुटे रहे। किसी मतदाता के पिता का नाम गलत दर्ज है तो किसी का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में गायब है। नोटिस मिलने के बाद सैंकड़ों लोग परेशान हैं।
मंडावर निवासी वासिल ने बताया कि उसके पिता का सही नाम आबिद है, लेकिन मतदाता सूची में पिता का नाम बिदा दर्ज कर दिया गया है। वह सुबह 11 बजे तहसील पहुंचा था, लेकिन दोपहर 3 बजे तक भी उसे समाधान नहीं मिल सका। गंदराऊ निवासी जुनैद ने बताया कि उसके पिता का सही नाम यामीन है, जबकि वोटर लिस्ट में गलती से पिता का नाम यासीन दर्ज हो गया है। वह भी पिछले तीन घंटे से तहसील में समाधान के लिए भटक रहा है।
वहीं मंडावर निवासी इस्तकार ने बताया कि उसे भी नोटिस मिला है, लेकिन नोटिस में किस समस्या को लेकर बुलाया गया है, इसकी उसे स्पष्ट जानकारी नहीं है। नोटिस मिलने के बाद वह समाधान के लिए तहसील पहुंचा है।
फरियादियों का कहना है कि व्यवस्था सुचारू न होने के कारण उन्हें घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।