शामली। शाकुंभरी देवी मंदिर जा रहे शामली के जत्थे पर मुसीबत टूट पड़ी। सहारनपुर में रामपुर मनिहारन के पास ट्रक ने बिजली के खंभे में टक्कर मारी, जिससे हाइटेंशन लाइन टूटकर श्रद्धालुओं की ट्राली पर आ गिरी। हादसे में शामली निवासी युवक की मौत हो गई, जबकि महिलाओं समेत पांच लोग झुलस गए। श्रद्धालुओं का जत्था सहारनपुर के हरिमंदिर में रुका हुआ है।
बुधवार को शामली से श्रद्धालुओं का जत्था ट्रैक्टर-ट्राली में डीजे साउंड और झांकी के साथ माता शाकुंभरी देवी मंदिर के लिए रवाना हुआ। बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे जब वह रामपुर मनिहारन से आगे पहुंचे, तो वहां पर अनियंत्रित ट्रक ने बिजली के खंभे में टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर हाइटेंशन लाइन टूटकर डीजे वाली ट्राली पर आकर गिर गया।
ट्राली में शामली के नोकुआ रोड मोहल्ला बूढ़ा बाबू निवासी रिशीपाल का बेटा राहुल (22) सो रहा था। जोरदार करंट लगने की वजह से राहुल की मौत हो गई। वहीं, जत्थे में शामिल कई लोग झुलस गए। शामली से इस जत्थे में रामकुमार, विपिन, ऋतु, शिवांगी, पीरू, ममता और सोनू सहित कई लोग गए थे।
उधर, राहुल का शव बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े सात बजे शामली उसके घर पहुंचा। परिवार में कोहराम मच गया। मोहल्ले के लोग भी हादसे से गमजदा हैं। लोगों ने बताया कि रिशीपाल के तीन बेटे और दो बेटियां हैं। इनमें राहुल दूसरे नंबर का और अविवाहित था। राहुल की मौत से परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल हो गया।