शामली। बाइक सवार लुटेरों ने शामली शहर से लेकर देहात तक कई जगह महिलाओं को निशाना बनाया। कहीं महिला से चेन लूटी, तो कहीं कुंडल तोड़कर फरार हो गए।
कस्बा कैराना के मोहल्ला आलकला निवासी रुखसाना बृहस्पतिवार शाम विजय सिनेमा हाल के पास शामली में एक डाक्टर के यहां दवा लेने आई थी। दवा लेकर जब वह बस का इंतजार कर रही थी, तो बाइक सवार बदमाश आए और रुखसाना के गले से चेन तोड़कर कैराना रोड की तरफ फरार हो गए।
शोर शराबा होने पर लोग इकट्ठा हुए, लेकिन बदमाश फरार हो चुके थे। इसके बाद पीड़िता ने शामली कोतवाली जाकर तहरीर दी। पुलिस ने बदमाशों का हुलिया पूछने के बाद चेकिंग कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद महिला अपने घर कैराना चली गई।
उधर, आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव कसेरवा खुर्द में बृहस्पतिवार अपराह्न करीब तीन बजे हरेंद्र की पत्नी निर्मला तथा ओम सिंह की पत्नी सोहनवीरी गोबर डालने जा रही थी कि रास्ते में आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। दोनों महिलाओं के कान से कुंडल तोड़ने के बाद बदमाश फरार हो गए।
महिलाओं के शोर मचाने पर ग्रामीण इकट्ठा हुए। इसके बाद कंट्रोल रूम को कॉल कर वारदात की सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।