कांधला। शोहदे किसी भी दिन क्षेत्र का माहौल बिगड़वा सकते हैं। कस्बे में आए दिन छात्राओं के साथ होने वाली छेड़छाड़ की घटनाओं से लोगों में रोष व्याप्त है। नागरिकों ने बैठक कर एसपी से कार्रवाई की मांग की है।
कस्बे में स्कूल, कॉलेज और कोचिंग सेंटरों के आसपास बाइक सवार युवकों द्वारा छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। मामले में बुधवार रात कस्बे के मोहल्ला सरावज्ञान स्थित थोक बाइस हवेलियान में कस्बे के गण्यमान्य नागरिकों व व्यापारियों की बैठक हुई। इसमें लोगों ने कहा कि छेड़छाड़ की घटनाओं के बढ़ने से छात्राओं का मार्गों पर निकलना दूभर हो गया है।
तंग मार्गों से लेकर मुख्य मार्गों पर खड़े बाइक सवार युवक छात्राओं पर छींटाकशी करते हैं। वहीं, कुछ ऐसे युवक हैं, जो खुद को पत्रकार बताकर व्यापारियों का शोषण कर रहे हैं। बैठक में मौजूद लोगों ने एसपी विजय भूषण के नाम ज्ञापन स्थानीय पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की। बैठक का संचालन आशुतोष पांडेय व अध्यक्षता पूर्व प्रधानाचार्य कृष्ण दत्त स्वामी ने की। इस दौरान दिनेश कुमार गुप्ता, विष्णु प्रसाद अग्रवाल, कामिल, जमील अंसारी, मनोज शर्मा, ईश्वर दयाल कंसल, दीपक जैन, मनोज जैन, देवेंद्र जैन, श्रीकांत आदि मौजूद रहे।