बाबरी/शामली। बाबरी में चोरी करने के बाद गोवंश (बछिया) की हत्या कर दी गई। गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। भाजपा विधायक के नेतृत्व में आठ घंटे तक थाने पर हंगामा चला। आरोपी की गिरफ्तारी और गोवंश की हत्या में प्रयुक्त उपकरण बरामद होने पर मामला शांत हुआ।
शनिवार तड़के करीब साढ़े चार बजे बाबरी निवासी हरपाल के मकान से बछिया चोरी कर ली गई। कुछ देर बाद हरपाल जागा, तो चोरी का पता लगा। तलाश करने पर पता चला कि गांव का ही दूसरे समुदाय का युवक हरपाल की बछिया को लेकर जा रहा था। इसके बाद हरपाल के साथ ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई और गोवंश चोर को पकड़ने की मांग के चलते हंगामा शुरू कर दिया। करीब साढ़े सात बजे सूचना पर थानाभवन से भाजपा विधायक सुरेश राणा भी समर्थकों सहित बाबरी पहुंच गए।
इसी दौरान बाबरी थाना पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से आरोपी युवक का मकान चारों तरफ से घेर लिया। भीड़ नारेबाजी के साथ हंगामा करती रही। करीब नौ बजे विधायक सुरेश राणा गांव से पदयात्रा निकालते हुए थाना बाबरी पहुंचे। थाने का घेराव करके हंगामा प्रदर्शन किया गया। विधायक सुरेश राणा ने चेतावनी दी कि आरोपी की गिरफ्तारी और गोवंश की बरामदगी नहीं किए जाने तक थाने पर आंदोलन जारी रहेगा। रविवार को बाबरी से शामली जिला मुख्यालय तक पदयात्रा निकालने की चेतावनी भी दी गई।
थाने पर लगातार हंगामा बढ़ता गया, जिसके चलते सीओ थानाभवन आनंद कुमार वर्मा भी वहां पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों और भाजपा विधायक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसके मकान से गोवंश की हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, छुरी और एक रस्सी बरामद की गई। मामले में हरपाल की तरफ से आरोपी हसीन पुत्र मजीद तथा दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसके बाद ग्रामीणों ने गोवंश की बरामदगी की मांग की, तो पता चला कि गांव के पास स्थित तालाब किनारे बछिया की हत्या कर दी गई है। इसके बाद पुलिस ने तालाब किनारे से मांस बरामद किया। शाम करीब साढ़े पांच बजे थाने पर धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ।