शामली। आदर्श मंडी क्षेत्र के कुड़ाना रोड निवासी युवक को तीन युवकों ने कार से कुचलकर मारने का प्रयास किया। फिलहाल युवक गंभीर हालत में मेरठ अस्पताल में भर्ती है। घायल की पत्नी की ओर से तीन के खिलाफ आदर्श मंडी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
अंजू देवी पत्नी प्रदीप कुमार गांव सिसौली, व हाल निवासी सूरजमल विहार कॉलोनी कुड़ाना रोड शामली ने थाना आदर्श मंडी में तहरीर देते हुए बताया कि उसके पति प्रदीप एक स्कूल में गाड़ी चलाते हैं।
आरोप है कि 17 मई को शाम को गांव लिलौन निवासी विनीत अपने साथी सन्नी व अमित निवासी कुड़ाना के साथ मकान पर आए और प्रदीप को कुड़ाना अड्डे तक चलने के लिए कहा। प्रदीप तथा अंजू ने मना भी किया, लेकिन तीनों युवक उसे अपने साथ ले गए। आरोप है कि आधे घंटे बाद एक युवक ने अंजू को बताया कि प्रदीप को चोट लग गई और वह कुड़ाना रोड पर घायल अवस्था में पड़ा हुआ है।
अंजू मौके पर पहुंची तो पता चला घायल को सरकारी अस्पताल में ले गए है, जहां पर प्रदीप ने बताया कि विनीत ,सन्नी और अमित तीनों ने मिलकर प्रदीप के ऊपर गाड़ी चढ़ाकर उसको मारने की कोशिश की। पीड़िता की तहरीर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।