शामली। गुड़ मंडी से माल ले जाने के लिए आ रहा मिनी ट्रक बनत में अनियंत्रित होकर कृष्णा नदी में गिर गया। गाड़ी के नीचे दबने से चालक की मौत हो गई, जबकि क्लीनर घायल हो गया। घंटों की मशक्कत के बाद नदी में गिरा ट्रक बाहर निकाला जा सका।
मुजफ्फरनगर के थाना जानसठ क्षेत्र के गांव चित्तोड़ा निवासी पुष्पेंद्र (28) मिनी ट्रक मालिक था और खुद ही उसे चलाता था। शनिवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे वह शाहपुर निवासी क्लीनर गुलफाम के साथ ट्रक लेकर शामली गुड़ मंडी आ रहा था।
मुजफ्फरनगर- शामली मार्ग पर आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में बनत के पास स्थित कृष्णा नदी पुल पर पहुंचे, तो सामने से आते वाहन को बचाने के प्रयास में मिनी ट्रक असंतुलित होकर पुल की रैलिंग से टकराते हुए नदी में गिर गया। राहगीरों की सूचना पर आदर्श मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
सीओ शामली निशांक शर्मा तथा एएसपी वीके मिश्र भी आ गए। जेसीबी की मदद से मिनी ट्रक को बाहर निकाला जा सका। चालक पुष्पेंद्र की ट्रक के नीचे फंसकर मौत हो गई। वहीं क्लीनर गुलफाम घायल हो गया, जिसे शामली स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जेसीबी के देरी से पहुंचने पर हंगामा
हादसे के बाद मौके पर इकट्ठा हुए लोगों ने पुलिस की लापरवाही को लेकर हंगामा किया। उनका कहना था कि हादसे के तत्काल बाद पुलिस को सूचना दे दी गई थी। इसके बावजूद जेसीबी मंगाने में आधा घंटे से ज्यादा समय लग गया। यदि समय से जेसीबी आ जाती, तो पुष्पेंद्र की जान बचाई जा सकती थी।