शामली। कांधला में पूर्वी यमुना नहर पर दो सगे भाइयों की हत्या लूट कर रहे बदमाशों को पहचानने पर की। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया। इससे पुलिस ने लूट का माल भी बरामद किया। गिरफ्तार आरोपी का एक अन्य साथी अभी फरार है। एसपी ने प्रेसवार्ता में हत्याकांड का खुलासा किया।
गत छह नवंबर को कांधला में पूर्वी यमुना नहर पर गांव रसुलपुर गुजरान के दो सगे भाई महावीर और प्रवेश की गोली मारकर हत्या कर दी। दोहरे हत्याकांड से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। इसके बाद तीन टीमें हत्याकांड के खुलासे में लगाई।
एसपी विजय भूषण ने प्रेसवार्ता में बताया शुक्रवार में कांधला पुलिस पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बुढ़ाना तिराहे से एक युवक को दबोचा। पकड़े युवक कांधला क्षेत्र के गांव जसाला निवासी राहुल पुत्र मानसिंह की निशानदेही पर एक तमंचा, एक खोखा, लूटा हुआ हैंड बैग बरामद हुआ। एसपी ने बताया राहुल और उसके साथी ने हत्या से पूर्व ही कई अन्य लोगों के साथ लूटपाट की थी। इस दौरान ही लूटा गया हैंड बैग पुलिस ने बरामद दिखाया ।
एसपी ने बताया लूटपाट की घटना पूजा तोमर पुत्र नरेश पाल गांव रूस्तमपुर बावली और विरेंद्र कुमार पुत्र इंद्रपाल निवासी खानपुर जिला मेरठ के साथ हुई थी। इस संबंध में कांधला थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई।
प्रेसवार्ता में एसपी ने बताया पकड़े गए बदमाश राहुल के खिलाफ लूट और राहजनी की कई मामले दर्ज है। उसके साथी सोनू पर भी लूट और हत्या के 14 केस दर्ज हैं। पुलिस ने राहुल को गिरफ्तार कर जेल भेजा। जबकि उसके साथी सोनू की तलाश की जा रही है।