थानाभवन। समारोह में चल रहे डीजे की आवाज का लाभ उठा चोरों ने दो बंद मकानों के ताले तोड़कर हजारों का सामान व जेवर चोरी कर लिए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दे दी है।
मोहल्ला हाफिज दोस्त निवासी बिंदर पुत्र मेहंती परिवार के साथ भट्ठे पर मजदूरी के लिए गया हुआ है। वही उसका पड़ोसी सुधीर भी परिवार सहित बुधवार की रात चंडीगढ़ रिश्तेदारी में शादी कार्यक्रम में गया हुआ था। जिसके चलते दोनों के मकान बंद पड़े थे।
बुधवार की रात को मोहल्ले में ही एक अन्य समारोह चल रहा था। जिसमें डीजे बज रहा था। इस दौरान चोरों ने बिंदर व सुधीर के बंद मकान के ताले तोड़ काट दिए। चोरों द्वारा ताले काटने की आवाज डीजे के शोर में दब गई।
इस दौरान चोरों ने बिंदर के मकान करीब पांच हजार की नकदी, दो जोड़ी कुंडल, एक अंगूठी, दो जोड़ी पाजेब आदि सामान चोरी कर लिया। वहीं चोरों ने सुधीर के मकान से अलमारी अौर संदूक को खंगाल लिया। जहां से चोरों ने हजारों रुपये के जेवर साफ कर दिए।
चोरी की वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच पड़ताल की। पीड़ित बिंदर के भाई सुरेंद्र कुमार ने चोरी की वारदात की तहरीर दी है।