सलेक विहार में लूट की जानकारी देती रोती हुई महिला ।
- फोटो : अमर उजाला
शामली में दिनदहाड़े बृहस्पतिवार को मोहल्ला सलेक विहार में कालीन बेचने के बहाने घर में घुसे तीन बदमाशों ने महिला को बंधक बनाकर लूट की वारदात की। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। इस घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।
घटना बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12.30 बजे की है। मोहल्ला सलेक विहार निवासी लुकमान किसी काम से घर से बाहर गया हुआ था और उसके बच्चे स्कूल में पढ़ने गए थे। घर पर उसकी पत्नी मोनी अकेली थी। इसी दौरान तीन युवक आए तथा उन्होंने दरवाजा खटखटाया। मोनी के पूछने पर उन्होंने कहा कि वह कालीन बेचते हैं। इस पर मोनी ने कालीन लेने से मना कर दिया और मकान के अंदर चली गई। इसी दौरान तीनों युवक मकान में घुस गए। एक युवक ने मोनी का मुंह भींच दिया और उसको आतंकित करते हुए बंधक बना लिया, जबकि दो बदमाशों ने मकान खंगाला शुरू कर दिया। बदमाशों ने अलमारी में रखे 20 हजार और सोने चांदी के जेवरात सहित करीब ढाई लाख रुपये का सामान लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। महिला ने किसी तरह बंधनमुक्त होकर शोर मचाया, जिसके बाद मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। दिनदहाड़े लूट की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना पर इंस्पेक्टर रफी परवेज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। देर शाम तक मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
शामली। नगर एक मोहल्ला निवासी महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। महिला की मौत होने से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। इस दौरान परिजनों ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को परिजनों के सुुपुर्द कर दिया।