शामली में आदर्श मंडी क्षेत्र में युवती की हत्या कर उसका शव गन्ने के खेत में फेंक दिया गया। युवती के शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव की शनाख्त नहीं हो पाई है। आशंका जताई जा रही है कि युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हत्या का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
बुधवार की दोपहर आदर्श मंडी के गांव जलालपुर में रामकुमार के खेत में 24 वर्षीय युवती का शव पड़ा हुुआ था। युवती का शव देखकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर आदर्श मंडी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने ग्रामीणों के माध्यम से युवती की शनाख्त का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
युवती का शव देखकर उसकी आशंका जताई जा रही है कि उसकी दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है। पुलिस के मुताबिक देखने से लगता है कि युवती की किसी धारदार हथियार काटकर हत्या की गई तथा शव को यहां फेंक दिया गया है। कोतवाली के एसआई अवनीश अष्टवाल ने बताया कि शव की शनाख्त नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।