कांधला। आधा दर्जन कार सवार नकाबपोश बदमाशों ने एक किशोरी और महिला का अपहरण कर लिया। पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव जिड़ाना निवासी चमन ने गांव के बाहर ही अपना मकान बना रखा है। रविवार रात वह अपने परिवार के अन्य लोगों के साथ में सो रहा था। इसी बीच आधा दर्जन नकाबपोश बदमाश घर में घुस गए। आरोप है कि बदमाशों ने चमन सहित पूरे परिवार को गन प्वाइंट पर लेकर नाबालिग पुत्री नगमा और पुत्र सद्दाम की पत्नी आबिदा को बंधक बना लिया। विरोध करने पर चमन को मारपीट कर घायल कर दिया। बदमाशों ने नगमा और उसकी भाभी को जबरन कार में डाल लिया। जान से मारने की धमकी देते हुए दोनों का अपहरण कर फरार हो गए।
सोमवार सुबह को पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस ने गांव में पहुंचकर मामले की छानबीन की। किशोरी के पिता ने बदमाशों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है। उधर, थाना प्रभारी निरीक्षक अनुराधा सिंघल का कहना है कि अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शीघ्र ही बदमाशों को गिरफ्तार कर किशोरी और उसकी भाभी को बरामद कर लिया जाएगा।