कांधला। नगर पालिका परिषद के हेड क्लर्क की हत्या में परिजनों की मांग पर लखनऊ की स्पेशल टीम जांच करने कांधला में पहुंची। टीम के कई लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही कांधला पुलिस से केस के संबंध में जानकारी कर संबंधित दस्तावेज लिए।
नगर पालिका परिषद में मोहल्ला सरावज्ञान निवासी शमीम अहमद हेड क्लर्क के पद पर कार्यरत थे। बीते साल 20 नवंबर को शमीम की एक मकान पर बुलाकर अज्ञात लोगों ने चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी थी। वारदात को लेकर शमीम के बेटे ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
कांधला पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से मामले का पर्दाफाश करते हुए पड़ोस की दो युवतियों सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उस समय पुलिस ने हत्या का कारण शमीम के आरोपी युवतियों से अवैध संबंध बताया था, लेकिन परिवार के लोगों के साथ ही कस्बे के अधिकांश लोगों ने इस खुलासे पर आपत्ति जताई थी। इस संबंध में कई बार शमीम के परिजनों और कांग्रेस नेता जाहिद राज ने आला अफसरों को शिकायती पत्र भेजकर हत्या की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की थी।
थाना प्रभारी नरेश कुमार सिंह के अनुसार मंगलवार को डीजीपी के आदेश पर लखनऊ से तीन सदस्यों की टीम मामले की जांच करने के लिए कांधला पहुंची। टीम ने स्थानीय पुलिस को साथ लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पीड़ित परिवार से बातचीत करने के साथ ही आरोपी पक्ष के लोगों से भी पूछताछ की। इसके बाद कांधला थाने से केस से संबंधित रिकार्ड भी लिया गया।