शामली। नोटबंदी के बाद से काला धन सामने आ रहा है। माना जा रहा है कि शामली में पकड़ी गई 46.5 लाख की बड़ी रकम भी काला धन ही है। तीन दिन हो गए हैं और नोट थाने में जमा हैं, लेकिन अभी तक न तो आरबीआई से कोई टीम आई और न ही आयकर विभाग से यहां कोई पहुंचा है।
चार दिन पूर्व शामली में आदर्श मंडी पुलिस ने एसटी तिराहे के पास एक इंडिगो गाड़ी से 46.5 लाख की पुरानी करेंसी जब्त करने के साथ तीन युवकों को पकड़ा था। पुरानी करेंसी के मामले में पुलिस ने तीनों युवकों से पूछताछ की, लेकिन कोई खास बात पता नहीं चल सकी थी, क्योंकि मामला आरबीआई तथा आयकर विभाग से ताल्लुक रखता है तो आदर्श मंडी पुलिस ने इसकी सूचना दोनों ही विभागों के अधिकारियों को दे दी थी।
मंगलवार को इस प्रकरण को तीन दिन बीत गए, लेकिन दोनों ही विभागों के किसी भी अधिकारी ने इस मामले में आकर जांच करने तक की जहमत नहीं उठाई। थाना प्रभारी साहब सिंह का कहना है कि इस मामले में दो बार पत्राचार किया जा चुका है, इसमें कोई शक नहीं है कि यह काला धन है।
इसलिए मामला बेहद गंभीर है। शामली में आयकर विभाग के मनमोहन सिंह का कहना है कि जांच करने के लिए उनकी अलग शाखा है जो कि मेरठ में है। उनको सूचना दी गई है, पुलिस को भी इसमें कार्रवाई कर देनी चाहिए।