झिंझाना। टैक्स चोरी कर करनाल भेजे जा रहे धान से भरे पांच ट्रकों को मंडी समिति के सचिव और सेल टैक्स अधिकारियों ने करनाल हाईवे से पकड़कर झिंझाना पुलिस को सौंप दिया है।
मंगलवार सुबह करनाल हाईवे स्थित गांव केरटू के निकट धान से भरे पांच ट्रकों को मंडी समिति शामली के सचिव कुलदीप सैनी ने रोक कर उनके चालकों से कागजात दिखाने के लिए कहा। चालकों द्वारा कोई कागज नहीं दिखाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए झिंझाना पुलिस को सूचना दी। बताया कि ट्रकों में धान काशीपुर नैनीताल से भरकर बिना कोई टैक्स दिए, करनाल मंडी भेजा जा रहा था।
इसकी शिकायत काशीपुर निवासी व्यापारी मिंदर सिंह ने की है। सेल टैक्स के सहायक कमिश्नर संजय सिंह भी सूचना पर मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूछताछ के बाद ट्रकों को झिंझाना पुलिस की अभिरक्षा में सौंप दिया। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह का कहना है कि अधिकारियों के निर्देश पर ट्रकों को बिड़ौली पुलिस चेक पोस्ट पर खड़ा किया गया है। आदेश मिलने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।